जिला कारागार में सात दिवसीय मोमबत्ती प्रशिक्षण शुरू

भीमताल। जिला कारागार में बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से सात दिवसीय मोमबत्ती निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष व जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी के निर्देशन में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल पारुल थपलियाल के मार्गदर्शन में बहुउद्देशीय प्रशिक्षण केंद्र, खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग हल्द्वानी तथा सुनिधि विकास संस्था हल्द्वानी के सहयोग से प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण का उद्देश्य बंदियों को मोमबत्ती निर्माण का हुनर सिखाकर उन्हें स्वरोजगार के लिए तैयार करना है। अधिकारियों के अनुसार, रिहाई के बाद बंदी इस कौशल के माध्यम से ईमानदारी से अपनी आजीविका कमा सकेंगे। ऐसे रचनात्मक प्रशिक्षण से बंदियों का तनाव कम होने के साथ ही उनका ध्यान सकारात्मक गतिविधियों की ओर भी बढ़ता है।

कार्यक्रम के प्रथम दिन जिला कारागार अधीक्षक संजीव ह्यांकी, सुनिधि विकास संस्था हल्द्वानी की संस्थापक उमा भंडारी, प्रशिक्षक हेमा डगवाल, खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग हल्द्वानी के एक्जीक्यूटिव गौरव जौहरी, यशवंत कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *