शिमाला तोक हरीनगर सिरवा को मिलेगा सड़क का तोहफा

पीएमजीएसवाई के तहत पाँच किमी मोटर मार्ग स्वीकृत, अप्रैल में खुलेंगे टेंडर

भीमताल। ग्राम पंचायत जंगलिया गांव के शिमाला तोक अंतर्गत हरीनगर सिरवा क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से प्रतीक्षित साढ़े पांच किलोमीटर मोटर मार्ग को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत स्वीकृति मिल गई है। इसकी जानकारी क्षेत्र पंचायत की बैठक में पीएमजीएसवाई के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दी गई।
बैठक के दौरान ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने शिमाला तोक के लिए सड़क निर्माण की मांग को मजबूती से रखा। इस पर अधिकारियों ने बताया कि मोटर मार्ग निर्माण को हरी झंडी दे दी गई है तथा आगामी अप्रैल माह में निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
मोटर मार्ग के निर्माण से हरीनगर सिरवा और आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। शिक्षा, स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं तक पहुंच आसान होने के साथ ही क्षेत्र के सामाजिक व आर्थिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों ने सड़क स्वीकृति को क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *