निर्माण कार्यों में तेजी लाएं, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई : जिलाधिकारी

भीमताल । एडीबी वित्त पोषित हल्द्वानी परियोजना के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक शनिवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कैंप कार्यालय हल्द्वानी में की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी निर्माण कार्य दोगुनी क्षमता से और तय समय सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यों की गति बढ़ाने के लिए ट्रिपल एम — मशीन, मटेरियल और मैनपॉवर को दोगुना किया जाए। किसी भी सड़क को लंबे समय तक खुदा न छोड़ा जाए और तत्काल मरम्मत कराई जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि अतिक्रमण हटाने, देवखड़ी नाले से मलवा निस्तारण व वन विभाग से समन्वय स्थापित कर कार्ययोजना तैयार की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि विकास कार्यों में देरी या लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अपर जिलाधिकारी प्रशासन व सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी को निर्देश दिए कि वे समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें। बैठक में यूयूएसडीए के परियोजना अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि अब तक 740 किमी लक्ष्य में से 346 किमी पेयजल लाइन, 122 किमी में से 54 किमी सीवरेज लाइन, और 108 किमी सड़क निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि 100 किमी सड़क का कार्य फरवरी 2026 तक पूरा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि 6 ट्यूबवेल का निर्माण कार्य पूर्ण, 5 में कार्य जारी है, एसटीपी का 20 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है तथा नमो भवन की टेंडरिंग प्रक्रिया अंतिम चरण में है। 241 करोड़ की लागत से सड़क एवं ड्रेनेज कार्य हेतु सर्वे कार्य भी जारी है। बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक राय, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, उप जिलाधिकारी राहुल शाह सहित यूयूएसडीए, लोक निर्माण, पेयजल, जल संस्थान, विद्युत आदि विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *