उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती पर राज्य आन्दोलनकारियों का सम्मान

राज्य आन्दोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर किया गया सम्मानित

आन्दोलनकारियों के बलिदान से साकार हुआ उत्तराखण्ड का सपना

भीमताल । उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती के अवसर पर जिले की सभी तहसीलों में राज्य आन्दोलनकारियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। हल्द्वानी तहसील का मुख्य कार्यक्रम एम.बी.पी.जी. महाविद्यालय के सभागार में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मंडी परिषद के अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर डब्बू, हुकुम सिंह कुंवर एवं उप जिलाधिकारी राहुल शाह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया।
अपने संबोधन में डॉ. अनिल कपूर डब्बू ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होना प्रत्येक उत्तराखण्डवासी के लिए गर्व और आत्मसम्मान का विषय है। राज्य ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पर्यटन और रोजगार जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। बीते चार वर्षों में नीतिगत निर्णयों से लेकर जमीनी कार्यसंस्कृति तक सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं, जिससे राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
डॉ. डब्बू ने कहा कि राज्य आन्दोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान से ही उत्तराखण्ड राज्य का सपना साकार हुआ है। अब हमारा दायित्व है कि हम सब मिलकर प्रदेश के समग्र विकास में योगदान दें। इस अवसर पर हल्द्वानी और लालकुआँ क्षेत्र के 336 राज्य आन्दोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी राहुल शाह, रेखा कोहली, तहसीलदार कुलदीप पांडे, पूजा शर्मा सहित बड़ी संख्या में राज्य आन्दोलनकारी, समाजसेवी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *