रजत जयंती वर्ष पर 1 से 9 नवम्बर तक मनाया जाएगा राज्य स्थापना सप्ताह

भीमताल । उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष के अवसर पर आगामी 1 से 9 नवम्बर तक जिले में विभिन्न जनभागीदारी आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सोमवार को प्रभारी जिलाधिकारी अनामिका की अध्यक्षता में जिला सहकारी बैंक सभागार, हल्द्वानी में आयोजित बैठक में कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई।
प्रभारी जिलाधिकारी ने बताया कि रजत जयंती समारोह के दौरान नदी स्वच्छता अभियान, खेलकूद प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक संध्याएं, क्विज, निबंध व वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, नेचर वॉक, बर्ड वॉचिंग, ट्रैकिंग, स्वच्छता अभियान, पेयजल टैंकों व स्रोतों की विशेष सफाई, बायर-सेलर मीट, महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम और फूड फेस्टिवल जैसे आकर्षक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने कार्यक्रमों की तैयारी समय पर पूर्ण करें, ताकि समारोह भव्य व व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। विशेष रूप से 7, 8 एवं 9 नवम्बर को नैनीताल जिला मुख्यालय में सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय लोक संस्कृति और कलाकारों की प्रस्तुति प्रमुख आकर्षण रहेगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक राय, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, एपीडी चंदा फर्त्याल, उप जिलाधिकारी नैनीताल नवाजिश खलिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *