बसानी गांव में शुरू हुई स्वदेशी 4G सेवा, प्रधानमंत्री ने किया देशव्यापी शुभारंभ

भीमताल । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 14,180 स्थलों पर भारत की पहली स्वदेशी 4G सेवाओं का शुभारंभ किया। इसी क्रम में उत्तराखंड में चयनित दो स्थानों में से एक जनपद नैनीताल का ग्राम बसानी भी शामिल रहा। बसानी गांव में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि विधायक कालाढूंगी बंशीधर भगत ने ग्रामीणों को बधाई देते हुए कहा कि लंबे समय से संचार सुविधाओं की समस्या रही है। आज स्वदेशी तकनीक से बनी 4G सेवा का शुभारंभ क्षेत्र के विकास की नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि इससे बैंकिंग सेवाओं, शिक्षा, कृषि और तकनीकी क्षेत्रों में बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री के ‘स्वदेशी अभियान’ की दिशा में महत्वपूर्ण कदम करार दिया और कहा कि भारत दूरसंचार क्षेत्र में भी आत्मनिर्भर हो रहा है। कुमाऊं मंडल में 231 टावर स्थापित
बीएसएनएल के प्रधान महाप्रबंधक कुमाऊं संजय प्रसाद ने जानकारी दी कि कुमाऊं मंडल के दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सेवाओं के विस्तार के लिए भारत सरकार द्वारा कुल 245 स्वदेशी 4G टावर स्थापित किए जा रहे हैं। इनमें से 231 टावर स्थापित हो चुके हैं, जबकि शेष पर तेजी से कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि बीएसएनएल की स्वदेशी 4G सेवा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आधुनिक संचार सुविधाओं को सुलभ बनाएगी। इस अवसर पर मेयर हल्द्वानी गजराज सिंह बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य छवि कांडपाल बोरा, ग्राम प्रधान बसानी दीपा आर्या, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश उप्रेती, सुरेंद्र तड़ागी, बीएसएनएल के उप महाप्रबंधक श्रीराम गौड़, सहायक महाप्रबंधक ललित मोहन तिवारी, राजेश मुरारी, जीएस कार्की, रामपाल सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक महाप्रबंधक ललित मोहन तिवारी द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *