भीमताल। धारी ब्लॉक के बबियाड़ गांव अंतर्गत कालागाड़ी तोक में बीती रात करीब 10 बजे वन्य जीव ने पूनम पत्नी घनश्याम पलड़िया पर हमला कर दिया। महिला ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद से क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने रात में ही प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) नैनीताल को अवगत कराया। इसके बाद बुधवार को उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी से मुलाकात कर क्षेत्र में बाघ के बढ़ते आतंक को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मनोज शर्मा ने बताया कि कालागाड़ी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लोग भयभीत हैं और दैनिक कार्यों को करने में भी असमर्थ हो रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र में तत्काल गश्ती दल तैनात करने, ट्रैप कैमरे लगाने तथा वन्य जीव को पकड़ने के लिए पिंजरा स्थापित करने की मांग की।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने तत्काल प्रभागीय वनाधिकारी से वार्ता की। इस पर DFO ने जानकारी दी कि कालागाड़ी क्षेत्र में गश्ती दल भेज दिया गया है। जल्द ही ट्रैप कैमरे लगाए जाएंगे तथा पिंजरा भी स्थापित किया जाएगा। वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में रहकर बाघ की गतिविधियों पर नजर रखेगी।