नौल–बिजरौली वार्ड-3 के जर्जर सार्वजनिक मार्ग का जल्द होगा जीर्णोद्धार

भीमताल। नवनिर्वाचित वार्ड संख्या-3 नौल–बिजरौली के सार्वजनिक मार्ग के जीर्णोद्धार का मार्ग अब प्रशस्त होता दिखाई दे रहा है। लगभग दो दशक पूर्व निर्मित यह मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में था, जिससे स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्रवासियों द्वारा लगातार मार्ग सुधार की मांग की जा रही थी।
सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी द्वारा नगर पालिका से निरंतर रूप से उठाई जा रही मांगों को संज्ञान में लेते हुए नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राहुल कुमार ने इस मामले में पहल की। उनके निर्देश पर सहायक अभियंता द्वारा नौल–बिजरौली मार्ग के 200 मीटर सीसी निर्माण हेतु ₹11,85,100 की लागत का आंगणक तैयार कर बोर्ड बैठक में स्वीकृति के लिए भेज दिया गया है।
अधिशासी अधिकारी ने बताया कि जैसे ही बोर्ड से धन स्वीकृति प्राप्त होती है, मार्ग निर्माण का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा। मार्ग के जीर्णोद्धार की प्रक्रिया शुरू होने से स्थानीय निवासियों में राहत और संतोष का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि लंबे समय से लंबित यह मांग अब जल्द पूरी होगी और आवागमन की समस्या से निजात मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *