जिला बार चुनाव में बढ़ी हलचल, अंतिम दिन तक 19 नामांकन फार्म बिके

भीमताल : जिला बार एसोसिएशन चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। नामांकन प्रपत्रों की बिक्री के अंतिम दिन बुधवार को विभिन्न पदों के लिए कुल 19 फार्म खरीदे गए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजेश चंदोला ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार तक 8 नामांकन फार्म बिके थे, जबकि बुधवार को 11 और फार्म खरीदे गए। इस तरह कुल मिलाकर 19 नामांकन प्रपत्रों की बिक्री दर्ज की गई।
पदवार स्थिति के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए 5, उपाध्यक्ष पद के लिए 3, सचिव पद के लिए 4, संयुक्त सचिव पद के लिए 1 और कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए 6 नामांकन फार्म खरीदे गए हैं।
उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार कार्यकारिणी सदस्य के पांच पदों में से तीन पद महिला अधिवक्ताओं के लिए आरक्षित रखे गए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 27 मार्च निर्धारित की गई है। इसके बाद 28 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके उपरांत प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होगी, जिससे चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *