परिवहन विभाग का सघन चेकिंग अभियान, कई मार्गों पर हुई कार्रवाई
भीमताल : परिवहन विभाग ने शुक्रवार को नैनीताल जिले के विभिन्न क्षेत्रों में यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 82 वाहनों के चालान काटे गए, जबकि नियमों की अनदेखी करने वाले 6 वाहनों को सीज कर लिया गया। नैनीताल क्षेत्र में परिवहन कर अधिकारी प्रमोद कर्नाटक, हल्द्वानी में एआरटीओ जितेंद्र सिंघवान और कालाढूंगी-हल्द्वानी मार्ग पर परिवहन कर अधिकारी मुकुल अग्रवाल के नेतृत्व में चेकिंग की गई। टीमों ने ओवरलोडिंग, ओवर स्पीडिंग, रिफ्लेक्टर की अनुपस्थिति, गलत या अधूरी नंबर प्लेट, सीट बेल्ट का प्रयोग न करना, बिना हेलमेट वाहन चलाना जैसी कई गड़बड़ियों पर सख्त कार्रवाई की।कार्रवाई के दौरान ई-रिक्शा, पिकअप और ऑटो समेत छह वाहनों को प्रपत्र प्रस्तुत न करने के चलते सीज किया गया। विभागीय अधिकारियों ने नियमों का पालन करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में भी ऐसे ही सघन चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे।
चेकिंग अभियान में नंदन रावत, गिरीश कांडपाल, चंदन सप्याल, महेंद्र कुमार और अरविंद हांकी सहित विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
परिवहन विभाग के संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), डॉ. गुरदेव सिंह ने बताया कि यातायात सुरक्षा को लेकर विभाग पूरी तरह से सतर्क है और नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।