मुक्तेश्वर घूमने आए पर्यटकों का टैंपो ट्रैवलर खाई में गिरा, दो की मौत, कई घायल

भीमताल। मुक्तेश्वर घूमने आए फरीदाबाद के पर्यटकों का टैंपो ट्रैवलर शुक्रवार को रामगढ़-सतबुंगा मोटर मार्ग पर दुत्कानेधार के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में दो पर्यटकों की मौके पर ही मौत होने की सूचना है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार फरीदाबाद से 21 लोगों का दोस्तों का समूह मुक्तेश्वर घूमने आया था। शुक्रवार दोपहर पर्यटक वापस लौट रहे थे। इसी दौरान दुत्कानेधार के पास अचानक टैंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। वाहन के खाई में गिरते ही उसमें सवार पर्यटकों में चीख-पुकार मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही मंत्री राम सिंह कैड़ा ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर एनडीआरएफ की टीम भेजने के साथ ही जिलाधिकारी नैनीताल को घायलों के लिए तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

सूचना के बाद पुलिस टीम के साथ स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने खाई में फंसे पर्यटकों को बाहर निकाला और घायलों को उपचार के लिए सीएचसी रामगढ़ भेजा गया।

हादसे में दो पर्यटकों की मौत की सूचना से क्षेत्र में शोक की लहर है। मंत्री राम सिंह कैड़ा ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने प्रशासन को घायलों के उपचार में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *