ट्राउट पालन बनेगा किसानों की आय का नया जरिया : राज्यपाल

भीमताल : शनिवार को राजभवन नैनीताल में केंद्रीय शीतजल मात्स्यिकी अनुसंधान संस्थान, भीमताल के निदेशक अमित पाण्डे और प्रधान वैज्ञानिक डॉ. आर.एस. पतियाल ने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से शिष्टाचार भेंट की। अधिकारियों ने राज्यपाल को संस्थान के अनुसंधान, विकास और कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड की जलवायु और प्राकृतिक संसाधन ट्राउट जैसे शीतजल मछली पालन के लिए बेहद उपयुक्त हैं। उन्होंने कहा कि मत्स्य पालन के जरिए प्रदेश के किसान, युवा और उद्यमी आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने इस क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं को देखते हुए जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। राज्यपाल ने अक्टूबर में एक विशेष सेमिनार आयोजित करने के निर्देश दिए, जिसमें वैज्ञानिकों, किसानों, उद्यमियों और विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ट्राउट मछली को सुपरफूड की श्रेणी में रखा गया है और इसका बाजार मूल्य भी अच्छा है, जिससे किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है।
संस्थान के निदेशक अमित पाण्डे ने राज्यपाल को जानकारी दी कि भीमताल स्थित यह संस्थान पर्वतीय राज्यों में शीतजल मात्स्यिकी अनुसंधान में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने संस्थान के विस्तार और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए भूमि की आवश्यकता भी बताई, जिस पर राज्यपाल ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *