UKSSSC परीक्षा का पेपर लीक, कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

भीमताल। विधानसभा भीमताल के वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने राज्य सरकार पर प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि शनिवार को सुबह 11 बजे से आयोजित होने वाली UKSSSC परीक्षा का प्रश्न पत्र कुछ ही मिनट में लीक हो गया, जिससे सरकार और आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ खड़े हुए हैं।
मनोज शर्मा ने कहा कि एक ओर सरकार “नकल विरोधी कानून” का ढिंढोरा पीटती रही है, वहीं दूसरी ओर लगातार पेपर लीक प्रकरण सामने आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हाकम सिंह जैसे नकल माफिया, जो STF और पुलिस की गिरफ्त में हैं, सरकार के संरक्षण में काम करते रहे हैं। ऐसे में इन प्रकरणों में सरकार की संलिप्तता से इंकार नहीं किया जा सकता।
कांग्रेस नेता ने कहा कि वर्षों से कड़ी मेहनत कर तैयारी करने वाले युवाओं का भविष्य लगातार दांव पर लगाया जा रहा है। मेहनती और मेधावी छात्रों का मनोबल टूट रहा है, जबकि घूस और पैसे के बल पर चयनित अभ्यर्थी व्यवस्था को और कमजोर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार को युवाओं के भविष्य की चिंता नहीं है, तो वह सीधे अपने चहेतों को नियुक्ति दे, युवाओं को धोखे में न रखे। आयोग हर बार “हाई लेवल बैठक” के नाम पर केवल लीपापोती करता है और भ्रष्ट नेताओं के इशारे पर काम करता है। मनोज शर्मा ने पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हुए आयोग के अध्यक्ष से तत्काल इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा 2027 के विधानसभा चुनाव में इस सरकार को सबक सिखाने का इंतजार कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने प्रदेश को लूटकर खोखला कर दिया है और अब युवाओं को भी नहीं बख्श रही है। “उच्च शिक्षित युवाओं को पकोड़ा तलने” की सलाह देने वाली सरकार से गंभीरता की उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि प्रदेश की खुशहाली का एकमात्र विकल्प इस सरकार की विदाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *