भीमताल, 26 मार्च । विधानसभा भीमताल में सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर पूर्व दर्जा राज्य मंत्री एवं राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू ने अनोखे अंदाज में विरोध जताया। उन्होंने पदमपुरी-खुटानी धारी मार्ग पर गहरे गड्ढों को मिट्टी से भरकर मंत्री के आगमन से पहले “आइना” दिखाने का प्रयास किया।
पनेरू ने तंज कसते हुए कहा कि शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा के पहले दौरे के दौरान उन्हें झटके न लगें, इसलिए “स्वागत” के रूप में सड़कों के गड्ढे भरे गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि व्यवस्था की वास्तविक स्थिति दिखाने का प्रयास है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो अगला दौरा भारी पड़ सकता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों में इस मार्ग की अनदेखी की गई और जनता की समस्याओं को नजरअंदाज किया गया। पनेरू ने कहा कि यदि सड़क का निर्माण रातों-रात हो जाता है, तभी माना जाएगा कि पद जनता की भलाई के लिए मिला है।
पनेरू ने यह भी आरोप लगाया कि मंत्री बनने के बाद हल्द्वानी स्थित उनके निजी आवास क्षेत्र की सड़कों का त्वरित निर्माण कराया गया, जिससे व्यक्तिगत प्राथमिकताओं को बढ़ावा देने का संकेत मिलता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय सड़कों में भ्रष्टाचार चरम पर है और जनता के पैसे का दुरुपयोग हो रहा है।
पनेरू ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मंत्री पद “इनाम” के रूप में दिया गया है। साथ ही उन्होंने अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़े आरोपियों का जिक्र करते हुए कहा कि इससे साफ है कि सरकार जनहित के बजाय निजी हितों को प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने कहा कि जनता इन सभी मुद्दों का जवाब आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में देगी।