कुलपति ने किया निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण, दिए जरूरी निर्देश

भीमताल : कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिवान सिंह रावत ने बुधवार को भीमताल स्थित विश्वविद्यालय परिसर का दौरा कर निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रो. रावत ने लॉ कॉलेज और फार्मेसी क्लास रूम ब्लॉक के निर्माण स्थलों का जायजा लिया। गौरतलब है कि इन भवनों का निर्माण भारत सरकार की पीएम-ऊषा योजना के तहत मेरु परियोजना से प्राप्त वित्तीय सहायता से किया जा रहा है। वहीं, सोनगांव में एक अन्य अकादमिक ब्लॉक का निर्माण राज्य सरकार के सहयोग से किया जा रहा है।
कुलपति ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और मानक अनुसार कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के ढांचागत विकास में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कुलपति के साथ संबंधित विभागों के अधिकारी और इंजीनियरिंग टीम के सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *