भीमताल : लोकसभा चुनाव में बहिष्कार की चेतावनी के बाद भी विभागीय अधिकारियों द्वारा अब तक किसी भी मांग पर अमल नहीं किया गया है। ऐसे में नाराज़ ग्रामीणों ने जन आंदोलन की चेतावनी दी है। सूत्रों के अनुसार, लोकसभा चुनाव के दौरान ग्रामीणों द्वारा बहिष्कार की चेतावनी के बाद विभागीय अधिकारियों ने मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय में सभी लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की शपथ ली थी। इसके बावजूद अब तक जमीनी स्तर पर कोई कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि प्राथमिक उपचार केंद्र, हाई स्कूल कैड़ा गांव का ऊंचीकरण, हॉर्टिकल्चर विभाग में एडीओ की नियुक्ति, कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ, लघु सिंचाई योजना तथा पशु चिकित्सा केंद्र की नेटवर्क व्यवस्था जैसी कई मूलभूत समस्याएं वर्षों से लंबित हैं। इस संबंध में क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने एकजुट होकर प्रशासन को चेताया है कि यदि शीघ्र कार्यवाही नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
इस विरोध में मुख्य रूप से पूर्व ग्राम प्रधान मदन सिंह नौलिया, नारायण सिंह देउपा, ध्यान सिंह नौलिया, भगवान सिंह देउपा, नारायण सिंह चम्याल, लक्ष्मण सिंह देउपा, संजय सिंह देउपा, प्रकाश सिंह चम्याल, उमेश नेगी, गणेश धौलिया और महेंद्र सिंह कैड़ा आदि लोग शामिल रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित विभागों के अधिकारी जल्द मौके पर पहुंचकर समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण करें और समाधान की दिशा में तत्काल कार्यवाही शुरू करें।