कांग्रेस नेता मनोज शर्मा की पहल पर स्वास्थ्य विभाग हरकत में, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने किया उपचार
भीमताल । धारी ब्लॉक की बबियाड ग्राम सभा में पिछले एक सप्ताह से वायरल फीवर का प्रकोप देखने को मिल रहा है। गांव के अधिकांश ग्रामीण बुखार की चपेट में आने से परेशान थे। संसाधनों की कमी और दूरस्थ क्षेत्र होने के कारण ग्रामीणों के लिए हल्द्वानी जाकर इलाज कराना मुश्किल साबित हो रहा था। ऐसे में क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं से रूबरू हुए कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
शर्मा ने अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव खरकवाल से वार्ता कर बबियाड क्षेत्र की स्थिति से अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उनके निर्देश पर धारी ब्लॉक के चिकित्सा प्रभारी डॉ. हिमांशु कांडपाल ने बबियाड में मेडिकल कैंप लगाने के लिए स्वास्थ्य टीम रवाना की।
मेडिकल कैंप में वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. संजय जनौटी, महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. दीप्ति रावत, फार्मासिस्ट प्रेम पाल तथा आशा कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयां वितरित कीं।
पूर्व ग्राम प्रधान युगल किशोर पलड़िया, वर्तमान ग्राम प्रधान प्रकाश चंद्र आर्या तथा समाजसेवी महेश पटस्वाल ने कैंप को सफल बनाने और अधिक से अधिक ग्रामीणों तक लाभ पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
पूर्व प्रधान युगल किशोर पलड़िया ने बताया कि मेडिकल कैंप में बड़ी संख्या में वायरल फीवर से प्रभावित ग्रामीण पहुंचे। बुजुर्ग, महिलाएं, युवा और बच्चे सभी बुखार की चपेट में हैं। उन्होंने कहा कि कैंप से ग्रामीणों को राहत मिलेगी और मेडिकल टीम ने पूरी निष्ठा से बेहतर उपचार देने का प्रयास किया।
कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जब तक क्षेत्र का हर वायरल फीवर पीड़ित स्वस्थ नहीं हो जाता, तब तक क्षेत्र की मॉनिटरिंग जारी रखने और आवश्यकता पड़ने पर दोबारा मेडिकल टीम भेजने का अनुरोध किया गया है।