मल्लिकार्जुन स्कूल भीमताल में विंटर कार्निवाल धूमधाम से संपन्न

लोकगायक जितेंद्र तोमक्याल की प्रस्तुति ने बांधा समां

भीमताल। नगर के मल्लिकार्जुन स्कूल परिसर में आयोजित विंटर कार्निवाल हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हो गया। रंग-बिरंगी सजावट और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर पूरे दिन उत्सवमय बना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष सीमा टम्टा रहीं। विशिष्ट अतिथियों के रूप में माइंड पावर यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति डॉ. योगेश यादव एवं निदेशक के.डी. सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अभिभावकों और स्थानीय लोगों की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई।
विंटर कार्निवाल का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध लोकगायक जितेंद्र तोमक्याल रहे। उन्होंने अपने लोकप्रिय लोकगीतों की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके गीतों पर श्रोता झूम उठे और पूरे परिसर में तालियों की गूंज सुनाई दी। इसके साथ ही विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नृत्य, गीत एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक समझ को बखूबी दर्शाया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कमल चंद्र एवं उप प्रधानाचार्या ममता बृजवासी ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, कलाकारों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित जनों ने भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *