जनसुनवाई में भूमि विवाद से लेकर स्कूल प्रवेश तक के मामलों का समाधान

आयुक्त दीपक रावत ने मौके पर सुनीं समस्याएं, सरकारी भूमि से कब्जा हटाने के दिए निर्देश

भीमताल। आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने शुक्रवार को कैंप कार्यालय में जनसुनवाई कर भूमि संबंधी विवाद, स्कूल फीस माफी, भरण-पोषण, भूमि से कब्जा हटाने सहित विभिन्न मामलों की सुनवाई की। उन्होंने अधिकांश शिकायतों का मौके पर समाधान कराया और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

प्लॉट के दाखिल-खारिज में आपत्ति, क्रेता को लौटाए पांच लाख

बनभूलपुरा निवासी अदनान अंसारी ने बताया कि उन्होंने पिछले माह गौलापार के नवाड़खेड़ा में सलीम सैफी से प्लॉट खरीदा था। इसके लिए पांच लाख रुपये दिए गए थे और रजिस्ट्री भी हो गई थी, लेकिन आपत्तियों के कारण दाखिल-खारिज नहीं हो पा रहा था। पूर्व में हुई जनसुनवाई में अदनान ने आयुक्त के समक्ष समस्या रखी थी। आपसी समझौते के आधार पर 4.50 लाख रुपये पहले ही वापस कराए गए थे, जबकि शेष 50 हजार रुपये की धनराशि शुक्रवार को वापस दिलाई गई। धनराशि मिलने पर अदनान ने आयुक्त का आभार जताया।

लिव-इन संबंधी विवाद में तीन माह में सात लाख लौटाने के निर्देश

एक युवती ने शिकायत में बताया कि वह करीब तीन माह से युवक के साथ लिव-इन संबंध में रह रही थी। युवती का आरोप था कि युवक ने उससे करीब सात लाख रुपये का सोना और नकद धनराशि ली, लेकिन वापस नहीं की। युवती द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों को युवक ने भी सही बताया। मामले में आपसी समझौते के आधार पर आयुक्त ने युवक को तीन माह के भीतर सात लाख रुपये युवती को लौटाने के निर्देश दिए। निर्धारित अवधि में धनराशि वापस नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

सफाई कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर सख्ती, सभी वार्डों में बायोमेट्रिक के निर्देश

एक वार्ड में सफाई कर्मचारियों के सफाई कार्य से अनुपस्थित रहने की शिकायत पर आयुक्त ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने नगर आयुक्त को सभी वार्डों में बायोमेट्रिक मशीन लगाने के निर्देश दिए। साथ ही नगर निगम के सुपरवाइजरों को नियमित रूप से वार्डों का निरीक्षण करने और अनुपस्थित पाए जाने वाले कर्मचारियों तथा लापरवाही बरतने वाले सुपरवाइजरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने को कहा।

सरकारी भूमि पर कब्जे की शिकायत, पांच दिन में कार्रवाई के निर्देश

पूर्व ग्राम प्रधान दुर्गापुर गुरमुख सिंह ने शिकायत कर बताया कि तुमड़िया डैम के निकट ग्राम समाज, बंजर और सिंचाई विभाग की भूमि पर स्थानीय लोगों ने कब्जा कर लिया है। साथ ही जमीन की अवैध खरीद-फरोख्त किए जाने की भी शिकायत की गई।

मामले का संज्ञान लेते हुए आयुक्त दीपक रावत ने तहसीलदार काशीपुर, नायब तहसीलदार और संबंधित चकबंदी अधिकारियों को तुमड़िया डैम क्षेत्र का निरीक्षण कर सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने सीओ चकबंदी और तहसीलदार काशीपुर को पांच दिन के भीतर कार्रवाई कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही संबंधित दस्तावेजों की जांच करने और उनमें किसी तरह की छेड़छाड़ या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

विद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया की जांच के निर्देश

अनीता बिष्ट ने अपने पुत्र के गुरु तेग बहादुर खालसा स्कूल में कक्षा नौ में प्रवेश को लेकर शिकायत की। उन्होंने बताया कि उनके पुत्र ने प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की थी, लेकिन इसके बावजूद उसे प्रवेश नहीं दिया गया। मामले में आयुक्त ने दोनों पक्षों को सुना।

आयुक्त ने विद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया की पारदर्शिता, आवेदनकर्ताओं से संपर्क न करने और मनमाने तरीके से प्रवेश देने संबंधी शिकायतों की जांच मुख्य विकास अधिकारी, नैनीताल के माध्यम से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने 15 दिन में जांच पूरी कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

अन्य शिकायतों का भी हुआ निस्तारण

जनसुनवाई में गौजाजाली निवासी नाहिदा ने स्कूल फीस माफ करने, शांति भट्ट ने बहू से भरण-पोषण दिलाने, किरन जोशी ने आर्थिक सहायता, हिमानी त्रिपाठी ने पड़ोसियों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने, बागजाला निवासी फरहीन ने पारिवारिक खर्च दिलाने और राहुल लोहनी ने भूमि से कब्जा हटाने का अनुरोध किया। आयुक्त ने संबंधित मामलों में अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए अधिकांश शिकायतों का मौके पर समाधान कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *