पंत पार्क में सीएम धामी ने भारत रत्न पंत को किया नमन

प्रतिमा के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा, बोले- पंत के विचारों से मिलती है विकसित उत्तराखंड की प्रेरणा

भीमताल। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हल्द्वानी स्थित पंत पार्क पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने पंडित पंत को उत्तराखंड की धरती का गौरव और देशवासियों का प्रेरणास्रोत बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत का जन्म अल्मोड़ा जिले के खूंट गांव में हुआ था। उन्होंने अपनी प्रतिभा, त्याग और नेतृत्व क्षमता से देश के इतिहास में अमिट छाप छोड़ी। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ निर्भीकता से आवाज उठाते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पंडित पंत उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री बने और प्रशासनिक सुधार, शिक्षा, कृषि तथा औद्योगिक विकास की मजबूत नींव रखी। देश के गृहमंत्री के रूप में उन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने के साथ हिंदी को राजभाषा का दर्जा दिलाने में ऐतिहासिक योगदान दिया।

पंत के आदर्श आज भी प्रासंगिक

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत के सादगी, ईमानदारी, त्याग और जनसेवा के मूल्य आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं। उत्तराखंड के निर्माण और विकास की प्रेरणा भी पंडित पंत के विचारों से मिलती है। राज्य सरकार उनके सपनों के उत्तराखंड को साकार करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने युवा पीढ़ी से पंडित पंत के जीवन और संघर्ष से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

प्रतिमा के लिए 10 लाख की घोषणा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंत पार्क में पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमा के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट, क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट, हल्द्वानी महापौर गजराज सिंह बिष्ट, पंत फाउंडेशन के प्रदेश संयोजक गोपाल रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *