विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ, खिलाड़ियों को अनुशासन और टीम भावना का दिया संदेश
भीमताल। खेल महाकुंभ-2026 के अंतर्गत लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ। पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज हल्दूचौड़ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विधायक ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
खेल महाकुंभ के तहत अंडर-14 आयु वर्ग के बालक और बालिका वर्ग में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज हल्दूचौड़ में वॉलीबाल, कबड्डी और पिट्टू प्रतियोगिताएं हुईं। वहीं पूरन सिंह मोहन सिंह इंटर कॉलेज, गौलापार में एथलेटिक्स, खो-खो और मुर्गा झपट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
खो-खो में कुंवरपुर प्रथम
अंडर-14 बालक वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में कुंवरपुर ने प्रथम और हरिपुर बच्ची ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
वॉलीबाल में हरिपुर बच्ची का दबदबा
बालक वर्ग की वॉलीबाल प्रतियोगिता में हरिपुर बच्ची-एक ने प्रथम तथा हरिपुर बच्ची ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में हरिपुर बच्ची प्रथम और हरिपुर बच्ची द्वितीय स्थान पर रही।
पिट्टू में हरिपुर बच्ची और बिन्दुखत्ता विजेता
बालक वर्ग की पिट्टू प्रतियोगिता में हरिपुर बच्ची ने प्रथम और किशनपुर ने द्वितीय स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में बिन्दुखत्ता प्रथम तथा बिन्दुखोझा द्वितीय स्थान पर रहा।
कबड्डी बालिका वर्ग में कुंवरपुर-हरिपुर बच्ची के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक रक्षक दल अधिकारी गणेश सिंह मामड़ा, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी विशाल, व्यायाम प्रशिक्षक हरीश सिंह नेगी, सहायक खंड विकास अधिकारी हल्द्वानी प्रदीप पंत, नगर पंचायत हल्दूचौड़ अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लौटनी, ज्येष्ठ प्रमुख वीरेंद्र मेहरा, राजकीय इंटर कॉलेज हल्दूचौड़ के प्रधानाचार्य, व्यायाम शिक्षक जोगेंद्र खाती, खेल प्रशिक्षक रामगढ़ दीपक पांडे, ब्लॉक कमांडर दिवाकर रावत सहित शिक्षकगण और खिलाड़ी मौजूद रहे।