हरीशताल-कौन्ता-स्यूड़ा मार्ग के पुनर्निर्माण समेत विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा
भीमताल। विकासखंड ओखलकांडा के ब्लॉक प्रमुख केडी रुवाली ने बुधवार को कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत से भेंट कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों में तेजी लाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
ब्लॉक प्रमुख ने हरीशताल-कौन्ता-स्यूड़ा मोटर मार्ग की शीघ्र मरम्मत एवं पुनर्निर्माण की मांग रखी। उन्होंने कहा कि मार्ग की खराब स्थिति के कारण क्षेत्रवासियों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही क्षेत्र के विद्यालयों के उच्चीकरण और शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग भी की गई।
ज्ञापन में तहसील खन्स्यूं में उपजिलाधिकारी और तहसीलदार की स्थायी नियुक्ति किए जाने का भी अनुरोध किया गया। वहीं हरीशताल और लोहाखाम ताल को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने, दोनों तालों को सिंचाई विभाग के अधीन लेने और वहां नौकायन की सुविधा शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद जताई गई।
कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने ब्लॉक प्रमुख की ओर से रखे गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश देने और समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य उमेश चिलवाल, जितेंद्र जोशी और पूर्व प्रधान खीम सिंह बिष्ट मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने आयुक्त के समक्ष क्षेत्र की अन्य समस्याओं को भी रखा।