आपदा प्रभावित भीमताल विधानसभा के लिए धनराशि स्वीकृत करने की मांग

मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री धामी से मुलाकात कर नुकसान का आकलन और प्रभावितों को मुआवजा देने का किया आग्रह

भीमताल । कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शुक्रवार को देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर भीमताल विधानसभा क्षेत्र में भारी वर्षा से हुए नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों के लिए आपदा मद से धनराशि स्वीकृत करने की मांग की।

मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री को बताया कि पिछले दिनों हुई भारी वर्षा के कारण भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में व्यापक नुकसान हुआ है। कई ग्रामीणों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि मकानों के आगे और पीछे भूस्खलन होने से लोगों के घरों पर खतरा बना हुआ है।

उन्होंने बताया कि भारी बारिश के कारण कई क्षेत्रों में पेयजल लाइनें और विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। नदियों के कटाव के कारण किसानों की कृषि भूमि भी बह गई है। वहीं, कई मोटर मार्ग जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हुई है।

कैड़ा ने मुख्यमंत्री को भीमताल क्षेत्र में हुए नुकसान की जानकारी देते हुए कहा कि भीमताल-खुटानी नाले में भारी मात्रा में पानी और मलबा आने से भीमताल की कई दुकानों में पानी व मलबा भर गया, जिससे व्यापारियों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि आपदा के दौरान भीमताल क्षेत्र में दो लोगों की मृत्यु भी हुई है।

मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भीमताल विधानसभा क्षेत्र में आपदा से हुए नुकसान का शीघ्र आकलन कराने, प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने तथा क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों, पेयजल लाइनों और विद्युत व्यवस्था को जल्द दुरुस्त कराने के लिए आपदा मद से आवश्यक धनराशि स्वीकृत करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जानी चाहिए तथा क्षतिग्रस्त मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया जाना आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *