ऑरेंज अलर्ट के चलते नैनीताल में सोमवार को बंद रहेंगे कक्षा 1 से 12 तक के स्कूल

आंगनबाड़ी केंद्र भी रहेंगे बंद, आवासीय विद्यालयों पर आदेश लागू नहीं

भीमताल। मौसम विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने सोमवार, 31 अगस्त को जनपद नैनीताल में कक्षा एक से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। साथ ही गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की चेतावनी जारी की गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।

आदेश के अनुसार 31 अगस्त को विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा। हालांकि, नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित ऐसे आवासीय शैक्षणिक संस्थान, जहां विद्यार्थियों के लिए शिक्षण और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं, इस आदेश के दायरे से बाहर रहेंगे।

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सभी संबंधित विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *