भीमताल, ओखलकांडा, बेतालघाट में नुकसान
भीमताल (नैनीताल)। शुक्रवार की शाम भीमताल, ओखलकांडा, धारी, रामगढ़, बेतालघाट क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि से किसानों की फसलों और फलों को बेहद नुकसान पहुंचा है। ओलावृष्टि से खेतों में लगी मटर, गेहूं, आलू, सरसों, जौ, लहसुन, धनिया, प्याज और बागवानी में सेब, आडू, खुमानी, पूलम नाशपाती, माल्टे पेड़ में लगे फूल झड़कर नष्ट हो गए। इससे किसानों को आर्थिक रूप से नुकसान पहुंचा है। जंगलियागांव की ग्राम प्रधान राधा कुल्याल और मलुवाताल के ग्राम प्रधान लक्ष्मण सिंह गंगोला ने कहा कि ओलावृष्टि से खेतों में लगी फसलें चौपट हो गई। उन्होंने कहा कि किसान पहले ही बारिश नहीं होने से परेशान थे शुक्रवार की शाम हुई ओलावृष्टि से किसानों को बेहद नुकसान पहुंचा है। किसानों ने कहा कि ओलावृष्टि से सालभर की मेहनत के साथ हजारों रुपये का बीज नष्ट हो गया है।

