हल्द्वानी और लालकुआं में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, मिसब्रांडिंग पर चालानी कार्रवाई की तैयारी
भीमताल। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार को हल्द्वानी नगर निगम और लालकुआं क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। अभियान का उद्देश्य मिलावटी, असुरक्षित और मिसब्रांडेड खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाना रहा।
हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में टीम ने तीन खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान रामपुर रोड स्थित श्री शिवशक्ति इंटरप्राइजेज से देशी घी तथा नल बाजार स्थित चिरंजीवीलाल के प्रतिष्ठान से किशमिश का विधिक नमूना लिया गया। किशमिश की पैकेजिंग और लेबलिंग में अनियमितता मिलने पर संबंधित कंपनी और डिस्ट्रीब्यूटर के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक (पैकेजिंग एवं लेबलिंग) विनियमों के तहत मिसब्रांडिंग की चालानी कार्रवाई प्रस्तावित की गई।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी हल्द्वानी/नैनीताल सर्किल अमय कुमार सिंह ने विधिक नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा।
लालकुआं में सात प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
लालकुआं क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, हल्द्वानी ग्रामीण एवं लालकुआं की टीम ने सात खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान हरिपुर रतनसिंह स्थित भट्ट जनरल स्टोर से बेसन का विधिक नमूना जांच के लिए लिया गया। टीम ने रामपुर-लालकुआं और सनेस मंडी क्षेत्र में भी खाद्य प्रतिष्ठानों का सर्वेक्षण एवं निरीक्षण किया। विधिक एवं सर्वे नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा गया।
अभियान के दौरान खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने, उच्च गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों का उपयोग करने तथा एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा सहायक खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामनगर ने भी अपने कार्यक्षेत्र में दो खाद्य कारोबारियों के खिलाफ चालानी रिपोर्ट प्रस्तुत की है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि जनस्वास्थ्य के हित में जनपद नैनीताल में मिलावटी, असुरक्षित और मिसब्रांडेड खाद्य पदार्थों के खिलाफ निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेगा।