दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया जारी, 15 सितंबर को होगा निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन
भीमताल। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) को लेकर सोमवार को तहसील हल्द्वानी स्थित एनआइसी कक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साप्ताहिक बैठक हुई। बैठक में नोटिस तामिली, सुनवाई और दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जनपद में जारी करीब 2.35 लाख नोटिसों की शत-प्रतिशत तामील कर सुनवाई पूरी कर ली गई है।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एक जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे SIR-2026 के तहत जिले में कुल 6,93,325 मतदाता हैं। इनमें से 2,35,000 मतदाताओं से संबंधित नोटिस जारी किए गए थे। अधिकारियों के अनुसार इन सभी नोटिसों की तामील के बाद सुनवाई की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
बैठक में बताया गया कि निर्वाचक नामावली में नए नाम जोड़ने, नाम हटाने अथवा विवरण में संशोधन के लिए प्राप्त प्रपत्र-6, 7 और 8 पर कार्रवाई जारी है। दावे एवं आपत्तियों के आधार पर तैयार प्रपत्र-9, 10, 11, 11ए और 11बी प्रतिदिन मुख्य निर्वाचन अधिकारी तथा जिला प्रशासन की वेबसाइट पर ऑनलाइन अवलोकन के लिए उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
लालकुआं और हल्द्वानी के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त
विधानसभा क्षेत्र 56-लालकुआं और 59-हल्द्वानी में दावे-आपत्तियों के निस्तारण की निगरानी के लिए निदेशक कौशल विकास विभाग हल्द्वानी संजय कुमार को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। बीएलओ सुपरवाइजर प्रत्येक बूथ स्तरीय अधिकारी के कार्य का न्यूनतम पांच प्रतिशत सत्यापन कर रहे हैं। जिन मतदान केंद्रों पर अपमार्जन दो प्रतिशत से अधिक है, वहां ईआरओ द्वारा व्यक्तिगत सत्यापन किया जाएगा।
दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 13 अगस्त निर्धारित थी, जबकि उनके निस्तारण की अंतिम तिथि 11 सितंबर और निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन की तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित है।
हर सोमवार राजनीतिक दलों के साथ बैठक
उपजिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने और त्रुटियों में सुधार के लिए प्रपत्र-6, 7 और 8 के माध्यम से समय रहते आवेदन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि SIR की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार संचालित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि SIR से संबंधित प्रकरणों को लेकर प्रत्येक सोमवार सुबह 10 से 11 बजे तक राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की जा रही है। इसमें ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से प्राप्त समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अपनी समस्याएं रखने के लिए व्यक्तिगत रूप से भी अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगे भी सुपर चैकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
बैठक में कांग्रेस, भाजपा, बसपा और आम आदमी पार्टी समेत विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान एसडीएम मोनिका, एसडीएम रेखा कोहली, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, तहसीलदार हल्द्वानी कुलदीप पांडे सहित हरीश सीनोली (बसपा), मयंक भट्ट, राम सिंह नगरकोटी, अनिल अग्रवाल, प्रशांत जोशी (कांग्रेस), दिनेश खुल्वे, आनंद सिंह बिष्ट, प्रकाश पटवाल (भाजपा), अब्दुल कादिर (आम आदमी पार्टी) समेत विभिन्न दलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।