भीमताल (नैनीताल)। भीमताल ब्लॉक की ग्राम पंचायत खड़की और चनौती गांव में मंगलवार और बुधवार को दो दिन लगातार बाघ दिखाई देने से ग्रामीणों में खौफ बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी को बाछ दिखने की घटना से अवगत कराया। सूचना पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर गश्त की। साथ ही लोगों को अकेले बाहन न निकलने के लिए जागरूक किया। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य दुर्गादत्त पलड़िया ने बताया कि मंगलवार को मोहन चंद्र पलड़िया के घर के पास और बुधवार को चनौती में गोरखनाथ मंदिर के पास एक छात्रा ने गांव जाने वाले मार्ग पर बाघ को बैठा हुआ देखा। उन्होंने बताया कि छात्रा के बाघ को देखते ही शोर मचाया तो मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने भी हल्ला मचाकर बाघ को जंगल की ओर भगा दिया। पलड़िया ने वन विभाग के अधिकारियों से बाघ को पकड़ने के पिंजरा लगाने को कहा है। वन दरोगा किशन भगत, जीवन रजवार ने क्षेत्र में गश्त कथ ग्रामीणों से अकेले घर से बाहर नहीं निकलने को कहा है।