जंगलिया गांव में हर रविवार चल रहा स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक मुक्त गांव बनाने का संकल्प

भीमताल। ग्राम पंचायत जंगलिया गांव में स्वच्छता अभियान लगातार जारी है। मौसम की परवाह किए बिना स्कूली बच्चे हर रविवार को गांव में सफाई अभियान चलाकर कूड़ा एकत्र करने और ग्राम पंचायत को प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प निभा रहे हैं।

रविवार को ग्राम पंचायत के तोक खोपटा कान से छोटा कैलाश द्वार होते हुए पंचायत घर जंगलिया गांव तक करीब तीन किलोमीटर सड़क के किनारे विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों और ग्रामीणों ने सड़क किनारे बिखरे कूड़े को एकत्र कर स्वच्छता का संदेश दिया।

ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने ग्रामीणों का आह्वान किया कि अपने आवास के साथ-साथ सार्वजनिक रास्तों और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की जिम्मेदारी भी सभी को मिलकर निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही गांव को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाया जा सकता है।

अभियान में छाया कुल्याल, महिमा, हर्षिता, योगिता पलड़िया, काजल पलड़िया, भूमिका, तनुजा कुल्याल, करण कुल्याल, भगीरथी, चारु कुल्याल सहित अन्य ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *