घर-घर सर्वे के साथ स्वास्थ्य शिविर, 113 लोगों की स्क्रीनिंग; 3900 क्लोरीन टैबलेट बांटीं
भीमताल, 9 सितंबर। ज्योलिकोट क्षेत्र में जलजनित रोगों की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत के निर्देश पर क्षेत्र में स्वास्थ्य टीमों की ओर से लगातार निगरानी, घर-घर सर्वे और स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
बुधवार को स्वास्थ्य टीमों ने ज्योलिकोट क्षेत्र में 94 घरों का भ्रमण कर 113 लोगों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की। इस दौरान लोगों को ओआरएस, जिंक और क्लोरीन की गोलियां वितरित की गईं। वहीं 90 लोगों के ब्लड सैंपल लेकर जांच की गई। प्रभावित क्षेत्रों में आशाओं और स्वास्थ्य टीमों के माध्यम से 3900 क्लोरीन टैबलेट भी वितरित की गईं।
सात क्षेत्रों में लगाए स्वास्थ्य शिविर
स्वास्थ्य विभाग की ओर से गांजा, वीरभट्टी, बेलवाखान, सरियाताल, ज्योलिकोट, भल्यूटी और चोपड़ा में स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। शिविरों में लोगों की स्वास्थ्य जांच करने के साथ ही आवश्यक दवाएं वितरित की गईं और जलजनित रोगों से बचाव को लेकर स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया।
पीएचसी ज्योलिकोट में 98 मरीजों की जांच
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में भी 98 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। इनमें से आवश्यकता के अनुसार सात लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने पीएचसी ज्योलिकोट को सुदृढ़ करते हुए रोस्टर के अनुसार प्रतिदिन विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है।
आज विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे सेवाएं
इसी क्रम में 10 सितंबर को सेंट्रल हॉस्पिटल हल्द्वानी के फिजिशियन डॉ. हर्षित जोशी और गैस्ट्रोलॉजिस्ट डॉ. सोनाली पांडे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में ओपीडी सेवाएं देंगे। स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र के लोगों से विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।
जरूरत पड़ने पर बड़े अस्पतालों में होगा रेफर
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिन मरीजों को उच्च चिकित्सा सुविधा की आवश्यकता होगी, उन्हें बेस अस्पताल हल्द्वानी, बीडी पांडे जिला चिकित्सालय नैनीताल और सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय हल्द्वानी रेफर किया जाएगा। मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएगा।
निजी अस्पताल में उपचार की आवश्यकता पड़ने पर आयुष्मान कार्ड एवं आयुष्मान योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध अस्पतालों में उपचार की सुविधा दिलाने में भी विभाग की ओर से आवश्यक सहयोग किया जाएगा।