ज्योलिकोट में जलजनित रोगों की रोकथाम को स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

सचल चिकित्सा वाहन तैनात, 380 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण; आयुष्मान के इलाज में दिक्कत हो तो सीएमओ से करें संपर्क

भीमताल, 10 सितंबर। ज्योलिकोट क्षेत्र में जलजनित रोगों की रोकथाम और प्रभावी नियंत्रण को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और स्वास्थ्य परीक्षण तेज कर दिया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत के निर्देश पर स्वास्थ्य टीमों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में लगातार घर-घर सर्वे, स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक दवाओं का वितरण किया जा रहा है।

गुरुवार को ज्योलिकोट क्षेत्र में स्वास्थ्य टीमों ने 105 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और 72 ब्लड सैंपल लिए। इसके अलावा पानी के सात नमूने भी लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा। जरूरत के अनुसार लोगों को दवाएं, ओआरएस, जिंक और क्लोरीन की गोलियां वितरित की गईं। साथ ही जलजनित रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

सचल चिकित्सा वाहन से घर के पास मिलेगी सुविधा

प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुलभ बनाने के लिए सचल चिकित्सा वाहन तैनात किया गया है। वाहन के माध्यम से लोगों को घर के समीप स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक जांच, दवाएं और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट की ओपीडी पर्ची भी निशुल्क कर दी गई है।

ज्योलिकोट क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए 10 सितंबर को नीलकंठ अस्पताल की डॉ. मेघा रखोलिया और डॉ. सलीम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में ओपीडी कर मरीजों का परीक्षण किया और आवश्यक परामर्श दिया। 11 सितंबर को बृजलाल अस्पताल हल्द्वानी की गैस्ट्रोलॉजिस्ट डॉ. श्रेया नेगी और साईं अस्पताल हल्द्वानी के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहन सती ओपीडी में मरीजों का परीक्षण करेंगे।

छह क्षेत्रों में लगाए स्वास्थ्य शिविर

स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने गांजा, वीरभट्टी, बेलवाखान, सरियाताल, ज्योलिकोट और भल्यूटी-चोपड़ा में स्वास्थ्य शिविर लगाए। शिविरों में कुल 380 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। लोगों को आवश्यक दवाएं वितरित करने के साथ जलजनित रोगों से बचाव और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि घबराने की जरूरत नहीं है। स्वास्थ्य विभाग पूरी तत्परता के साथ क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में जुटा है।

आयुष्मान के इलाज में परेशानी हो तो सीएमओ से करें संपर्क

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि आयुष्मान योजना के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों में उपचार के दौरान किसी भी तरह की परेशानी होने पर सीधे सीएमओ से संपर्क करें। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों को आवश्यक सहयोग और सुविधा उपलब्ध कराने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

उबालकर ही पिएं पानी

डॉ. रश्मि पंत ने लोगों से पानी को अच्छी तरह उबालकर पीने, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने और स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी सावधानियों का पालन करने की अपील की। किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या स्वास्थ्य टीम से संपर्क करने को कहा गया है।

स्वास्थ्य टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर सर्वे, स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक दवाओं का वितरण लगातार जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *