नौ खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण, सात खाद्य पदार्थों के लिए नमूने

खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, तीन कारोबारियों के खिलाफ वाद स्वीकृत

भीमताल। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जनपद में सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को विभिन्न क्षेत्रों में आकस्मिक निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान चलाया। अभियान के दौरान नौ खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर सात विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।

सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी खाद्य संरक्षा नैनीताल अजब सिंह रावत के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी हल्द्वानी ग्रामीण नंदकिशोर और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामनगर असलम खां की टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

अभियान के दौरान सूजी, साबूदाना, ओट्स, सरसों का तेल, कोकोनट वाटर, स्प्राइड और थम्सअप कार्बोनेटेड पेय पदार्थ के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को खाद्य संरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत विश्लेषण के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला भेजा गया है।

वहीं, सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी नैनीताल ने तीन खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को वाद स्वीकृति प्रदान की है। निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की व्यवस्था बनाए रखने तथा कूड़ा रखने के लिए उचित स्थान पर बंद कूड़ेदान रखने के निर्देश दिए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि प्रयोगशाला से प्राप्त विश्लेषण रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा उसके अधीन बनाए गए नियमों एवं विनियमों के अनुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण अभियान में सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी अजब सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामनगर असलम खां तथा वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी हल्द्वानी ग्रामीण नंदकिशोर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *