सिलौटी पंत में गौशाला निर्माण के लिए एक हेक्टेयर भूमि नगर पालिका भीमताल को निश्शुल्क हस्तांतरित करने की मंजूरी
भीमताल। क्षेत्र में बेसहारा और निराश्रित गौवंश के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। कैबिनेट मंत्री एवं भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा की पहल पर नौकुचियाताल क्षेत्र के सिलौटी पंत में गौशाला निर्माण के लिए एक हेक्टेयर भूमि नगर पालिका परिषद भीमताल को निश्शुल्क हस्तांतरित करने की मंजूरी मिल गई है। भूमि हस्तांतरण को लेकर शासन स्तर से आदेश भी जारी कर दिया गया है।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि यह निर्णय क्षेत्र में गौवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नई गौशाला बनने से बेसहारा और निराश्रित गौवंश को सुरक्षित आश्रय मिल सकेगा। साथ ही उनके स्वास्थ्य, देखभाल और बेहतर प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित होगी।
उन्होंने कहा कि गौशाला के निर्माण से क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी। सड़कों पर घूमने वाले पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं के साथ ही किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान में कमी आने की उम्मीद है। नगर पालिका परिषद भीमताल गौशाला के निर्माण एवं संचालन की जिम्मेदारी संभालेगी।
मंत्री ने कहा कि गौवंश संरक्षण धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि गौशाला के संचालन से क्षेत्र में निराश्रित गौवंश के बेहतर संरक्षण के साथ ही पशुओं के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को भी बढ़ावा मिलेगा।
स्थानीय निवासियों और सामाजिक संगठनों ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार व्यक्त किया है। लोगों ने इसे क्षेत्र में गौवंश संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।