बोले धामी, जनता को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न काटने पड़ें, समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकता
भीमताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सर्किट हाउस में आमजन और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर पारदर्शिता के साथ त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए अधिकारी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। प्रशासन की जवाबदेही और लोगों को उनकी समस्याओं का संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराना सबसे महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र के विकास से जुड़ी विभिन्न आवश्यकताओं और प्रस्तावित कार्यों पर भी चर्चा की। उन्होंने जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने और विकास कार्यों को गति देने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस दौरान सांसद अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया, उत्तराखंड मंडी परिषद के अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर डब्बू, दर्जा राज्य मंत्री शंकर कोरंगा, दीपक मेहरा और मोहन पाठक सहित कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, कुमाऊं आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई, नगर आयुक्त पारितोष वर्मा, पुलिस अधीक्षक यातायात डॉ. जगदीश चंद्रा, उपजिलाधिकारी मोनिका सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।