भीमताल में पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी का स्वागत
भीमताल (नैनीताल)। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी का भीमताल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक राम सिंह कैड़ा के नेतृत्व में झोलिया नृत्य और फूल मालाओं के साथ स्वागत किया। कोश्यारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड का विकास हो रहा है। साथ ही कहा कि प्रदेश सरकार पहाड़ों से पलायन रोकने के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ देकर ग्रामीणों को स्वरोजगार से जोड़ने का काम कर रही है। कोश्यारी ने कहा कि उत्तराखंड को आत्मनिर्भर बनाना होगा। इसके लिए महिला समूहों और पुरुषों को भी पहाड़ में रहकर ही कृषि, बागवानी, मत्स्य पालन, मौन पालन, पशुपालन और मशरूम उत्पादन से अपनी आजीविका बढ़ानी होगी। विधायक राम सिंह कैड़ा ने कहा कि प्रदेश के विकास में भगत सिंह कोश्यारी का योगदान विशेष रहा है। कैड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाओं का लोगों को लाभ मिल रहा है। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष कमला आर्या, जिला मंत्री नितिन राणा, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मनोज भट्ट, प्रदीप पाठक, अनिल चनौतिया, पंकज जोशी, पुष्कर मेहरा, खीमानंद शर्मा, बीना आर्या, सुनीता पांडे, जया बोहरा, शिप्रा जोशी, आशु पाठक, दिनेश सांगुड़ी, योगेश तिवारी, कमलेश रावत आदि मौजूद रहे।
