भीमताल । जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और लोगों को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को रामनगर के मंगलार रोड और गुलरघट्टी क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण एवं सैंपलिंग अभियान चलाया। इस दौरान पांच खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए दूध और गुलाब जामुन के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड और जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर वरिष्ठ खाद्य संरक्षा अधिकारी रामनगर एवं कालाढूंगी असलम खान के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, स्वच्छता मानकों और खाद्य पदार्थों के भंडारण की स्थिति की जांच की गई। संचालकों को नियमित रूप से साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
दो प्रतिष्ठानों को सात दिन का नोटिस
अभियान के दौरान दो खाद्य कारोबारियों के पास वैध खाद्य लाइसेंस अथवा पंजीकरण उपलब्ध नहीं पाया गया। इस पर संबंधित व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सात दिन का सुधारात्मक नोटिस जारी किया गया। उन्हें तत्काल खाद्य लाइसेंस बनवाने अथवा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में लाइसेंस नहीं बनवाने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
लैब रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका और गुणवत्ता की जांच के लिए टीम ने एक दूध और एक गुलाब जामुन समेत कुल दो नमूने नियमानुसार लिए। दोनों नमूनों को जांच के लिए फूड लैब भेजा गया है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ खाद्य संरक्षा अधिकारी असलम खान ने खाद्य कारोबारियों को चेतावनी दी कि बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार न करें और उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ ही उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इसकी दैनिक रिपोर्ट आयुक्त तथा जिलाधिकारी कार्यालय को भेजी जा रही है।