भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल के अंतर्गत चाफी से अल्चौना-ताड़ा मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण के लिए ₹2 करोड़ 26 लाख की धनराशि स्वीकृत हो गई है। शासन स्तर से इसके लिए शासनादेश भी जारी कर दिया गया है। यह जानकारी कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने दी।
मंत्री कैड़ा ने बताया कि मोटर मार्ग लंबे समय से क्षतिग्रस्त होने के कारण ग्रामीणों, किसानों और स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से बरसात के दौरान सड़क पर कीचड़ होने से वाहन फंस जाते थे और लोगों की परेशानी बढ़ जाती थी। क्षेत्रवासियों ने सड़क के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग मंत्री के समक्ष रखी थी।
उन्होंने बताया कि जनसमस्याओं को देखते हुए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए थे। अब परियोजना को ₹2.26 करोड़ की स्वीकृति मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों को शीघ्र टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि जल्द ही सड़क के सुधारीकरण और डामरीकरण का कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के डामरीकरण का कार्य लगातार कराया जा रहा है।
सड़क के लिए धनराशि स्वीकृत होने पर क्षेत्र की जनता ने मंत्री कैड़ा का आभार व्यक्त किया। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भी आभार जताया।