प्रवक्ता भर्ती परीक्षा आज, पांच परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर दायरे में धारा 163 लागू

भीमताल। उत्तराखण्ड विशेष अधीनस्थ सेवा (प्रवक्ता संवर्ग समूह-ग) सेवा की विषयवार लिखित (वस्तुनिष्ठ) परीक्षा 18 जून को जिले के पांच परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी ए.पी. वाजपेयी ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 2 बजे से सायं 5 बजे तक संचालित होगी।

हल्द्वानी नगर क्षेत्र के चार परीक्षा केंद्रों—गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल, खालसा नेशनल बालिका इंटर कॉलेज भोटियापड़ाव, नगर निगम इंटर कॉलेज गौलाहैड काठगोदाम तथा गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल कमलुवागांजा में परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके अतिरिक्त डॉन बॉस्को सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हिम्मतपुर मोटाहल्दु को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

प्रशासन ने परीक्षा प्रारंभ होने से लेकर समाप्ति तक सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू कर दी है। इस अवधि में बिना सक्षम मजिस्ट्रेट की अनुमति के पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने, सार्वजनिक सभा करने, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग तथा डीजे बजाने पर प्रतिबंध रहेगा।

इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार के हथियार, लाठी-डंडे या अन्य आपत्तिजनक सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा से संबंधित अफवाह फैलाने, पर्चे वितरित करने तथा बिना अनुमति बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर भी रोक लगाई गई है।

नगर मजिस्ट्रेट ने कहा कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी। ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक कार्यों के लिए प्रतिबंधों से छूट प्रदान की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *