10 सितंबर को भव्य रूप से मनाई जाएगी पंत जयंती

नैनीताल के पंत पार्क में होगा मुख्य कार्यक्रम, जिलेभर में होंगे विभिन्न आयोजन

भीमताल। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती 10 सितंबर को जनपद नैनीताल में भव्य रूप से मनाई जाएगी। जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिला कार्यालय सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सौरभ असवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंत फाउंडेशन के प्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों और जयंती आयोजन समिति के सदस्यों ने प्रतिभाग किया।

बैठक में जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। तय किया गया कि पंत जयंती जिलेभर में मनाई जाएगी। विभिन्न स्थानों पर स्थापित पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। साथ ही उनके जीवन दर्शन, साहित्यिक एवं सामाजिक योगदान, स्वतंत्रता आंदोलन में भूमिका और देशभक्ति पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

पंत पार्क में होगा मुख्य समारोह

मुख्य कार्यक्रम जिला मुख्यालय के मल्लीताल स्थित पंत पार्क परिसर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर नगर पालिका नैनीताल के अधिशासी अधिकारी को आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा भवाली, भीमताल, नौकुचियाताल, हल्द्वानी, कोटाबाग, रामगढ़, धारी, बेतालघाट, ओखलकांडा और लालकुआं समेत विभिन्न क्षेत्रों में भी कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके लिए नगर आयुक्त हल्द्वानी, नगर निकायों के अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

विद्यालयों में होंगी प्रतियोगिताएं

पंत जयंती के अवसर पर सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय, स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पंडित जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे। विद्यालयों में भाषण, निबंध, वाद-विवाद और विचार गोष्ठी समेत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। शिक्षा विभाग को इन कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रतिमाओं के आसपास होगी विशेष सफाई

जयंती से पूर्व जिले के नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में जहां-जहां पंडित गोविंद बल्लभ पंत की प्रतिमाएं स्थापित हैं, वहां रंग-रोगन, साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और प्रकाश व्यवस्था पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए नगर निकायों और खंड विकास अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।

जीवन पर आधारित प्रदर्शनी लगेगी

उत्तराखंड संस्कृति विभाग की ओर से मल्लीताल स्थित पंत पार्क में पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन-वृत्त पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी के माध्यम से उनके जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को प्रदर्शित किया जाएगा।

अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जयंती समारोह से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं। कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में उप जिलाधिकारी नवाजिश खलीक, जयंती समिति के संयोजक गोपाल सिंह रावत, ललित भट्ट, राजेश कुमार, पंत फाउंडेशन के प्रतिनिधि देवेंद्र ढेला, कीर्ति बल्लभ, दीवान सिंह, दया किशन पोखरिया, देवेंद्र बिष्ट, शिवराज नेगी, चंदन सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *