गौला नदी का जलस्तर देखा, नदी-नालों से दूर रहने की अपील
भीमताल। लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मंगलवार को उप जिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका और तहसीलदार कुलदीप पांडे ने तहसील क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील एवं जलभराव संभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने गौला पुल, फतेहपुर, दमुवाढूंगा, राजपुरा, कुसुमखेड़ा समेत नगर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौला नदी के जलस्तर की स्थिति देखी और नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने आपदा की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों पर यातायात और आवागमन सुचारु रखने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। जलभराव वाले क्षेत्रों में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने को कहा।
अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को जागरूक करते हुए अपील की कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से नदी-नालों के किनारे न जाएं। विशेषकर बच्चों को नदी और बरसाती नालों से दूर रखने की सलाह दी गई।
एसडीएम मोनिका ने बताया कि जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रखा गया है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने लोगों से प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।