16 से 23 सितंबर तक होगा 124वां नंदा देवी मेला महोत्सव

डीएम ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए निर्देश, स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को मिलेगी प्राथमिकता

भीमताल। नैनीताल में 16 से 23 सितंबर तक आयोजित होने वाले 124वें नंदा देवी मेला महोत्सव की तैयारियों को लेकर बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में विधायक नैनीताल सरिता आर्या, राम सेवा समिति, मंदिर समिति, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि नंदा देवी मेला जनपदवासियों की आस्था और नैनीताल की पहचान का प्रतीक है। मेले में स्थानीय संस्कृति, लोक कला और परंपराओं की झलक दिखाई देनी चाहिए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय और उत्तराखंड की लोक संस्कृति से जुड़े कलाकारों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि मेले के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी की ओर से स्टॉलों का आवंटन किया जाएगा। हाउस ऑफ हिमालया, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों के उत्पादों के विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे।

डीएम ने मेले को प्लास्टिक मुक्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पूरे नगर को विद्युत लाइटों से सजाने और ठंडी सड़क क्षेत्र में विशेष प्रकाश व्यवस्था करने को कहा। नगर पालिका को स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।

मेले की व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी ने पंडाल, टेंट, स्टॉल और मंच निर्माण समेत अन्य कार्यों के लिए पारदर्शी टेंडर प्रक्रिया समय से पूरी करने को कहा। श्रीराम सभा स्थल, मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए एसडीएम और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को राम सेवा समिति के साथ समन्वय कर कार्य करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने डोला यात्रा के मार्गों का लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका और सिंचाई विभाग को संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराने को कहा। लोक निर्माण विभाग को मेले से पहले लोअर मॉल रोड को सुचारू करने के निर्देश दिए गए। वहीं, डीएसए मैदान में जलभराव की समस्या के समाधान और मेला क्षेत्र में कीचड़ रोकने के लिए कंक्रीट डालने के निर्देश ग्रामीण निर्माण विभाग को दिए गए।

मेले के दौरान सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने, पर्याप्त मोबाइल टॉयलेट, पेयजल टैंकर और स्टैंड पोस्ट की व्यवस्था करने को कहा गया। मेले में स्वास्थ्य शिविर भी लगाया जाएगा, जहां आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे।

विद्युत विभाग को झूलते तारों को ठीक करने और वन विभाग को मेला मार्गों में आने वाले पेड़ों की लॉपिंग करने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखने को कहा गया। परिवहन विभाग को यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने, अतिरिक्त रोडवेज बसों और पार्किंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि मुख्य मेले के दिन नैनीताल मुख्यालय की सभी ठेका मदिरा की दुकानें बंद रहेंगी। सूचना, संस्कृति और पर्यटन विभाग को प्रतिदिन होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि 124वां नंदा देवी मेला नैनीताल की पहचान है। मेले को भव्य और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे, पुलिस अधीक्षक यातायात जगदीश चंद्र, अपर जिलाधिकारी शौरभ असवाल, सचिव जिला विकास प्राधिकरण मनीष कुमार, उप जिलाधिकारी नवाजिश खालिक, पुलिस उपाधीक्षक रविकांत सेमवाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, राम सेवा समिति, होटल एसोसिएशन और व्यापार संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *