भीमताल : जिलाधिकारी वंदना सिंह के निर्देश पर गुरुवार को नैनीताल नगर क्षेत्र में अतिक्रमण के विरुद्ध चिह्नांकन अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व संयुक्त मजिस्ट्रेट वरुणा अग्रवाल ने किया।अभियान में राजस्व विभाग, विकास प्राधिकरण, नगर पालिका, वन विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही। नगर के विभिन्न क्षेत्रों में किए गए निरीक्षण के दौरान कुल 150 अतिक्रमणकर्ताओं के चालान किए गए। इनमें से 100 चालान नगर पालिका और 50 झील विकास प्राधिकरण द्वारा किए गए।
चालान मुख्य रूप से भवन का नक्शा स्वीकृत न कराए जाने, सड़कों और नालों पर किए गए अवैध निर्माण और अतिक्रमण के मामलों में किए गए। सभी चालान संबंधित व्यक्तियों को मौके पर चस्पा कर दिए गए और विधिसम्मत कार्रवाई की गई।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी स्थिति में अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।