भीमताल : अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के मौके पर गुरुवार को सेंचुरी पल्प एंड पेपर्स प्राइवेट लिमिटेड, लालकुआं में स्वीप टीम नैनीताल द्वारा मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों को मतदान के प्रति जागरूक करना और अनिवार्य मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित करना था।
मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी एवं स्वीप के नोडल अधिकारी अशोक कुमार पांडे ने श्रमिकों को मतदान की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में स्वीप समन्वयक एवं मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल ने स्वीप अभियान की जानकारी दी और कहा कि जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की नींव होते हैं।कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक पल्लवी गुप्ता, मिल प्रबंधक नरेश चंद्रा तथा प्रबंधन समिति के सदस्य संजय सिंह और अवनीश त्यागी उपस्थित रहे। सभी ने अपने अनुभव साझा करते हुए मतदान को लोकतंत्र का सबसे मजबूत माध्यम बताया।स्वीप टीम की ओर से राकेश लाल वर्मा, गोविंद मर्तोलिया और डॉ. प्रदीप उपाध्याय ने कार्यक्रम में सहभागिता की। जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से लगाए गए कैंप में फॉर्म 6, 7 और 8 की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा मानव श्रृंखला बनाकर “शत-प्रतिशत मतदान” के संकल्प के साथ किया गया।