हैड़ाखान रोड पर 16 अतिक्रमण चिह्नित, एक हफ्ते में स्वयं हटाएं कब्जे: प्रशासन

जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में चला निरीक्षण अभियान, जल्द बनेगा पक्का नाला

भीमताल : चौफाला चौराहा से हैड़ाखान पनियाली रोड तक सड़क और नाले पर हुए अतिक्रमणों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर गुरुवार को उपजिलाधिकारी हल्द्वानी राहुल शाह, तहसीलदार मनीषा बिष्ट और सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता मनोज तिवारी के नेतृत्व में क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान लगभग 1.5 किलोमीटर क्षेत्र में अवैध कब्जों की पहचान की गई, जिनमें कई आवासीय और वाणिज्यिक भवनों द्वारा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण पाया गया। प्रशासन ने कुल 16 अतिक्रमित संरचनाओं को चिह्नित करते हुए उन पर लाल निशान लगाए। सिंचाई विभाग द्वारा उक्त मार्ग पर पक्का नाला निर्माण की योजना तैयार की गई है, ताकि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से निजात मिल सके। नाले पर हुए अवैध निर्माणों के कारण पानी की निकासी बाधित हो रही थी, जिससे स्थानीय नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को एक सप्ताह की मोहलत देते हुए स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के भीतर यदि स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो प्रशासनिक टीम द्वारा सख्ती से कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण ध्वस्त किया जाएगा। उपजिलाधिकारी ने बताया कि आगामी दो दिनों में संपूर्ण क्षेत्र का सर्वेक्षण पूरा कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसके आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग और राजस्व विभाग की टीम भी मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *