भीमताल : विधायक राम सिंह कैड़ा ने गुरुवार को ओखलकांडा ब्लॉक के लुगड, पटरानी, चमोली गाजा, मेवाड़ी गाजा, पातीजाला और हरीशताल गाजा सहित कई गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने लंबे समय से जर्जर पड़े लुगड-पातीजाला-चमोलीगाजा मोटर मार्ग की दुर्दशा पर नाराजगी जताई।
ग्रामीणों ने बताया कि मोटर मार्ग की हालत बेहद खराब है। जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। मार्ग खराब होने के कारण क्षेत्र के लोगों को अपने कृषि उत्पाद मंडी तक पहुंचाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
इस पर विधायक कैड़ा ने कहा कि ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मोटर मार्ग पर डामरीकरण कार्य के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग से डीपीआर तैयार कर शासन को भेज दी गई है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से डामरीकरण कार्य के लिए धनराशि स्वीकृत करने की मांग की गई थी, जिस पर शासन स्तर पर कार्यवाही चल रही है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द डामरीकरण कार्य शुरू किया जाएगा।