182 लाभार्थियों के खातों में पहुंची आवास योजना की दूसरी किश्त

पहली किश्त के सदुपयोग के बाद जारी हुई एक-एक लाख रुपये की धनराशि, मेयर ने लाभार्थियों को दी बधाई

भीमताल। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत नगर निगम हल्द्वानी के 182 लाभार्थियों को दूसरी किश्त के रूप में एक-एक लाख रुपये की धनराशि जारी की गई। शुक्रवार को नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में धनराशि ऑनलाइन माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की गई।

मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि योजना के तहत पहली किश्त का सदुपयोग करने वाले पात्र लाभार्थियों को निर्माण कार्य आगे बढ़ाने के लिए दूसरी किश्त जारी की गई है। केंद्र और राज्य सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को सम्मानजनक, सुरक्षित और पक्का आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने लाभार्थियों से निर्धारित मानकों के अनुसार धनराशि का उपयोग करते हुए समयबद्ध तरीके से आवास निर्माण पूरा करने की अपील की।

मेयर ने कहा कि योजना की सहायता राशि बिचौलियों या स्थानीय निकायों के माध्यम से नहीं, बल्कि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के जरिए भेजी जाती है। इससे पारदर्शिता बनी रहती है और पात्र लोगों को योजना का सीधा लाभ मिलता है।
उन्होंने सभी लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि जल्द ही उनके पक्के घर का सपना साकार होगा, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा।
कार्यक्रम में सामाजिक विकास अधिकारी सुरेश अधिकारी, सहायक अभियंता नवल नौटियाल, पार्षद सचिन और रवि जोशी सहित लाभार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *