भीमताल, 17 जुलाई। विकास खंड हल्द्वानी के अंबेडकर पार्क, लालकुआं में शुक्रवार को आयोजित बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ में 390 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिला। शिविर में प्राप्त 70 शिकायतों में से 64 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।
शिविर में सांसद अजय भट्ट, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट और उपजिलाधिकारी रेखा आर्या ने लोगों की समस्याएं सुनीं। स्वास्थ्य, आयुर्वेद और होम्योपैथी विभाग की ओर से 160 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने छह पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान की।
कृषि एवं उद्यान विभाग ने किसानों को आधुनिक खेती और बागवानी की जानकारी देते हुए अनुदान पर कृषि यंत्र, बीज, टूलकिट और दवाइयां उपलब्ध कराईं। साथ ही किसानों से फार्मर रजिस्ट्री कराने और विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की गई।
शिविर में देवरामपुर-हल्दूचौड़ ग्रामीण क्षेत्र में सड़क अतिक्रमण का मामला प्रमुखता से उठा। इस पर सांसद अजय भट्ट ने संबंधित विभाग को 15 दिनों के भीतर कार्रवाई कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
लालकुआं क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या पर सांसद ने मौके से ही विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता से दूरभाष पर वार्ता कर एक माह के भीतर अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने के लिए स्थल चयन और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
किसानों ने खराब नलकूपों की मरम्मत कर सिंचाई व्यवस्था सुचारु करने की मांग भी रखी, जिस पर अधिशासी अभियंता नलकूप को तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, किसनपुर क्षेत्र में जलभराव और जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए लोक निर्माण एवं सिंचाई विभाग को संयुक्त निरीक्षण कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान सूचना एवं लोक संपर्क विभाग से पंजीकृत जन जागृति कला समिति, बिंदुखत्ता के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया।
इस अवसर पर दर्जा राज्यमंत्री योगेश रजवार, नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी, जिला पंचायत सदस्य दीपा चंदोला, भाजपा मंडल अध्यक्ष रोहित दुमका, उपजिलाधिकारी रेखा कोहली, खंड विकास अधिकारी असगर तनवीर, अधिशासी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।