भीमताल। नैनीताल जिले की 475 ग्राम पंचायतों में उप प्रधान पद के सामान्य निर्वाचन बुधवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गए। निर्वाचन प्रक्रिया के बाद जिले में 472 ग्राम पंचायतों में उप प्रधान निर्वाचित हुए, जबकि तीन पद रिक्त रह गए।
पंचस्थानी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के तहत 8 से 14 जुलाई तक नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री की गई। 15 जुलाई को नामांकन, जांच, नाम वापसी, चुनाव चिह्न आवंटन, मतदान और मतगणना की प्रक्रिया संबंधित ग्राम पंचायतों में नियुक्त निर्वाचन अधिकारियों की देखरेख में संपन्न हुई।
निर्वाचन परिणामों के अनुसार जिले में 395 उप प्रधान निर्विरोध तथा 77 उप प्रधान सविरोध निर्वाचित हुए। इस प्रकार 475 ग्राम पंचायतों में से 472 उप प्रधानों का निर्वाचन संपन्न हो गया।
तीन पद रिक्त रह गए। इनमें विकासखंड बेतालघाट की एक ग्राम पंचायत में नामांकन नहीं होने के कारण एक पद रिक्त रहा। वहीं विकासखंड ओखलकांडा की ग्राम पंचायत कचलाकोट में प्रस्तावक नहीं मिलने से नामांकन निरस्त हो गया, जबकि सुई ग्राम पंचायत में नामांकन नहीं होने से एक अन्य पद रिक्त रह गया।
प्रशासन ने बताया कि जिले में उप प्रधान पद के सभी निर्वाचन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराए गए।