भीमताल। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, नैनीताल द्वारा मंगलवार को विकास भवन सभागार, भीमताल में एक दिवसीय विशेष कैम्प का आयोजन किया गया। कैम्प का उद्देश्य नैनीताल, भीमताल, भवाली एवं मुक्तेश्वर क्षेत्र में प्राप्त भवन मानचित्रों का त्वरित निस्तारण करना रहा।
आयोजित कैम्प में कुल 85 आवासीय भवन मानचित्रों की स्वीकृति निर्गत की गई, जिनमें 04 व्यवसायिक भवन मानचित्र भी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 21 भवन मानचित्रों पर डिजिटल हस्ताक्षर जारी करते हुए मानचित्र निर्गत किए गए।
इसके अलावा क्षेत्रीय कार्यालय हल्द्वानी में 23 भवन मानचित्रों की स्वीकृति प्रदान की गई तथा 14 भवन मानचित्रों में डिजिटल सिग्नेचर जारी करते हुए मानचित्र निर्गत किए गए।
कैम्प में सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। भवन मानचित्र स्वीकृति हेतु आवश्यक अनापत्ति प्रदान करने वाले विभागों में जल संस्थान, राजस्व विभाग, टाउन प्लानिंग, सहायक भू-वैज्ञानिक, विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग एवं अग्निशमन विभाग के प्रतिनिधि शामिल रहे।
प्राधिकरण द्वारा आयोजित इस विशेष कैम्प से लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण में सहायता मिली तथा आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।