नन्हे कदम सुरक्षित, माताएं सशक्त — धामी सरकार का संवेदनशील प्रयास

भीमताल । उत्तराखंड में कामकाजी माताओं को राहत और भरोसा देने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा आंगनवाड़ी क्रेच कम पालना केंद्रों का संचालन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण देखभाल उपलब्ध कराना है, ताकि माताएं निश्चिंत होकर अपने कार्यस्थल पर जा सकें और महिला श्रम बल भागीदारी को प्रोत्साहन मिल सके।
हल्द्वानी और रामनगर विकासखंड में वर्तमान में कुल 7 क्रेच कम पालना केंद्र सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं। इन केंद्रों में बच्चों के लिए खेल-कूद, पौष्टिक आहार, आरामदायक विश्राम व्यवस्था तथा सीखने-समझने से जुड़ी रचनात्मक गतिविधियों की समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशिक्षित कार्यकर्ता बच्चों की देखभाल के साथ उनके सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार की यह पहल संवेदनशील और जनोन्मुखी शासन का उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। यह प्रयास “सशक्त महिला — सुरक्षित बचपन” के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
सरकार की इस योजना ने जहां बच्चों को सुरक्षित एवं स्नेहपूर्ण वातावरण प्रदान किया है, वहीं माताओं को आत्मनिर्भर बनने और आर्थिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए मजबूत आधार भी दिया है। ये क्रेच कम पालना केंद्र उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य की सशक्त नींव के रूप में उभर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *